आज पहाड़ों पर तूफान चलने का अलर्ट, मैदान में भी बदलेगा मौसम

देहरादून : प्रदेश भर में दो दिन लगातार बारिश के बाद शनिवार को मौसम खुला तो लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से नीचे रहा। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों ने आज सोमवार से फिर मौसम बदलने की संभावना जताई है।

उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में सोमवार को तेज तूफान चलने की संभावना है। हालांकि मैदानी इलाकों में भी मौसम बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिले में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों की बात करें तो 27 मार्च तक प्रदेश भर में मौसम बदला-बदला रहेगा। रविवार के आंकड़ों की बात करें तो दून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कमी के साथ 27.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री कमी के साथ 12.6 डिग्री रहा। जबकि पर्वतीय इलाकों के तापमान में ज्यादा कमी देखने को मिली।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *