उत्तर भारत में अलर्ट : पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में कोहरा-शीतलहर

नई दिल्ली एजेंसी  दिसंबर में देशभर में मौसम के अलग-अलग रंग दिख रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और तापमान में गिरावट से जनजीवन प्रभावित है। यूपी में कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

देश के विभिन्न हिस्सों में दिसंबर की ठंड ने अलग-अलग रूप दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में जहां सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, वहीं मैदानी इलाकों में घना कोहरा और तापमान में गिरावट जनजीवन को प्रभावित कर रही है। कुछ क्षेत्रों में दिन के तापमान में असामान्य बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है, जिससे मौसम का मिजाज विरोधाभासी नजर आ रहा है।

आईएमडी के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू-कश्मीर में ऊपरी हवाओं में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है, जो पश्चिम से पूर्व की ओर फैला है। इसके साथ ही उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम भी उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय है, जहां लगभग 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं की रफ्तार 110 नॉट (203.72 किमी.) तक पहुंच रही है। इन दोनों प्रणालियों के कारण मौसम को अतिरिक्त ऊर्जा मिल रही है, जिससे ठंड, कोहरा और पहाड़ी इलाकों में मौसम परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है। लोगों को ठंड और कोहरे के चलते स्वास्थ्य और यात्रा से जुड़ी सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।

कश्मीर घाटी में सर्दी का असर
इस बीच कश्मीर घाटी में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि जोजिला दर्रे में पारा गिरकर माइनस 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, घाटी में अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि 18 से 31 दिसंबर के बीच उत्तर और मध्य कश्मीर के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 20 और 21 दिसंबर को कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के भी आसार हैं।

हिमाचल में और बढ़ेगा कोहरा
शिमला स्थित मौसम केंद्र के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी संभव है। वहीं 17 और 18 दिसंबर को मैदानी क्षेत्रों, बिलासपुर के भाखड़ा डैम क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में सुबह-शाम घना कोहरा छाने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है।
20 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट
प्रदेश में कड़ाके की सर्दी के साथ घने कोहरे की भी मार शुरू हो गई है। बुधवार को लखनऊ, बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर, कानपुर में कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य रही। बहराइच, हरदोई, शाहजहांपुर में दृश्यता 30 मीटर तक सिमट गई।  प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में पांच से छह डिग्री और कुछ स्थानों पर आठ से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने 20 जिलों में अत्यधिक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही इन इलाकों में संभावित शीत दिवस की भी चेतावनी जारी की है। बुधवार को बरेली प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां दिन का पारा सामान्य से 8.1 डिग्री नीचे गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। शाहजहांपुर में दिन का तापमान सामान्य से 7.5 डिग्री की गिरावट के साथ 13.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *