केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर दून में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

देहरादून । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 06 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अपराह्न 12 बजे परेड ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत वह पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए पूरे कार्यक्रम स्थल और संबंधित व्यवस्थाओं को सुरक्षा के दृष्टिगत विभिन्न जोन एवं सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। गृहमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड तथा रिजर्व पुलिस लाइन में भी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *