ऋषिकेश । देहरादून के रायवाला में 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या में शामिल बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पुश्तैनी जमीन में हिस्सा न मिलने को लेकर शिल्पा का अपनी मां और भाई से विवाद था। इसी वजह से उसने मां को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।21 सितंबर को खजानी देवी अपने घर से लापता थीं। उनके घर के गेट पर बाहर से ताला लगा था। रात करीब 10:30 बजे परिजनों ने ताला तोड़कर अंदर देखा तो वह बाथरूम में मृत मिलीं। मामले में 22 सितंबर को रायवाला थाने में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया।पुलिस ने जांच के लिए छह टीमें गठित कीं। एफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाए गए। आसपास के सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की जांच की गई। जांच में शिल्पा का पुश्तैनी जमीन को लेकर मां से विवाद और उसके परिचित शिव नारायण की घटना से पहले आसपास मौजूदगी सामने आई।





