नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी से वडनगर की यात्रा पर निकले युवाओं से संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने रास्ते में लोगों से मुलाकात और सेवा से जुड़े अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चल रहा है। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर देश के अलग-अलग हिस्सों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस संवाद में जमीनी स्तर पर लोगों से मिलने और उनकी बातें सुनने के अनुभव सामने आए।वाराणसी से वडनगर जा रहे समूह ने प्रधानमंत्री को बताया कि यात्रा का अनुभव बहुत अच्छा रहा। युवाओं ने रास्ते में अलग-अलग जगहों पर लोगों से बातचीत की और उनके अनुभव सुने। इसी दौरान उन्नाव जिले में एक बुजुर्ग महिला से हुई मुलाकात का किस्सा भी साझा किया गया। महिला ने जब युवाओं से पूछा कि वे कहां जा रहे हैं, तो उन्होंने बताया कि वे मोदी जी के गांव जा रहे हैं और लाभार्थियों से मिलकर उनका आशीर्वाद ले रहे हैं। इस पर महिला ने प्रधानमंत्री के लिए अपना संदेश दिया और उनसे धन्यवाद कहने को कहा।





