ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर आग लगने से नौ यात्रियों की मौत के बाद परिवहन विभाग ने बस की तकनीकी जांच की। जांच में बस की ऊंचाई निर्धारित मानक से अधिक पाई गई। बस की ऊंचाई 4.1 मीटर मिली, जबकि मानक के अनुसार बस की अधिकतम ऊंचाई 3.8 मीटर होनी चाहिए। यानी बस तय सीमा से करीब 30 सेंटीमीटर अधिक ऊंची थी। पुलिस का कहना है कि बस की तकनीकी स्थिति समेत अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बस के दस्तावेज और उसके संचालन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।हादसे के बाद बस की फिटनेस और पूर्व में हुई यातायात कार्रवाई भी जांच के दायरे में आ गई है। जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स की इस बस के खिलाफ अब तक 19 चालान हो चुके हैं। इन पर करीब 1.75 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया जा चुका है। पुलिस ने चालक पवन और परिचालक योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब बस के पुराने चालान, फिटनेस, परमिट और अन्य दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।





