नई दिल्ली, एजेंसी। चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका की यात्रा पर रहेंगे। यह 10 साल से अधिक समय बाद उनकी पहली अमेरिका यात्रा होगी। चीन में अपने स्वागत से प्रभावित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अब चिनफिंग के स्वागत की तैयारी में हैं।चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, ट्रंप स्वयं ज्वाइंट बेस एंड्रयूज पर उनका स्वागत करेंगे। अमेरिकी राष्ट्रपति का किसी विदेशी नेता की अगवानी के लिए खुद एयरपोर्ट पहुंचना दुर्लभ है। ऐसे में दोनों नेताओं की मुलाकात को खास अहमियत दी जा रही है। चीन का एक प्रतिनिधिमंडल उप प्रधानमंत्री हे लिफेंग के नेतृत्व में पहले ही अमेरिका पहुंच चुका है। आर्थिक और कारोबारी मुद्दों पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिशें चल रही हैं। माना जा रहा है कि शिखर वार्ता में एआइ, सैन्य संबंध, पश्चिम एशिया का संघर्ष, रूस-यूक्रेन युद्ध, अंतरिक्ष में हथियारों की होड़, ताइवान और व्यापार जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे।पीटीआई के अनुसार, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जिआकुन ने सोमवार को कहा कि दोनों नेता चीन-अमेरिका संबंधों और वैश्विक शांति व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच सकारात्मक संबंध, रणनीतिक स्थिरता, मजबूत संवाद और सहयोग तथा मतभेदों का उचित समाधान दुनिया की शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए जरूरी है।





