नई दिल्ली, एजेंसी।इस वक्त की बड़ी खबर अमेरिका के मिशिगन से सामने आ रही है। यहां मिशिगन की ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी में रेगुलर ट्रेनिंग उड़ान के दौरान टेक्सास एयर नेशनल गार्ड का एक F-16 फाइटर जेट क्रैश हो गया। CBS न्यूज के मुताबिक हादसे के बाद पायलट सुरक्षित रूप से जेट से बाहर निकल गया। हालांकि पायलट को चोटें आई हैं। बाद में उसकी हालत स्थिर बताई गई। बता दें कि टेक्सास नेशनल गार्ड की 149वीं फाइटर विंग द्वारा संचालित यह विमान, अल्पेना में एयर नेशनल गार्ड के कॉम्बैट रेडीनेस ट्रेनिंग सेंटर से ट्रेनिंग मिशन पर था, तभी यह घटना हुई। दरअसल, टेक्सास मिलिट्री डिपार्टमेंट ने पुष्टि की कि गुरुवार को दोपहर में F-16 फाइटिंग फाल्कन एक हादसे का शिकार हो गया है। हालांकि उन्होंने तुरंत यह जानकारी नहीं दी कि यह हादसा किस वजह से हुआ। उन्होंने बताया कि पायलट विमान से बाहर निकल गया और उसे इलाज के लिए ले जाया गया। 149वीं फाइटर विंग के प्रवक्ता ने बताया कि फिलहाल पायलट की हालत स्थिर है। ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी शेरिफ ऑफिस की मदद कर रही मिशिगन स्टेट पुलिस ने कहा कि अभी तक किसी और के घायल होने की कोई खबर नहीं है।





