नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय बल्लेबाज ध्रुव जुरैल ने सोमवार को श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन नाबाद शतक जमाया। जुरैल ने 177 गेंदों में 9 चौके और दो छक्के की मदद से 115* रन बनाए।जुरैल के शतक के दम पर भारत ने अपनी पहली पारी 138 ओवर में 503/9 के स्कोर पर घोषित की। जुरैल ने जैसे ही अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक जड़ा, तो अपने बांह पर गुदवाया ‘जय जवान, जय किसान’ का टैटू दर्शाया। जुरैल के शतक का जश्न मनाने का सेलिब्रेशन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।जुरैल ने दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बातचीत में अपने जश्न मनाने का राज खोला। उन्होंने कहा, ‘मेरे दादा किसान थे और मेरे पिता सोल्जर (जवान) हैं। मैं अपनी पृष्ठभूमि भूलना नहीं चाहता और वो जश्न उन्हीं के लिए था।’ध्रुव जुरैल ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ शतकीय साझेदारी करके टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जुरैल ने पंत के साथ सातवें विकेट के लिए 112 रन की साझेदारी की। जुरैल की पारी में बारिश के कारण कई बार रुकावट आई। इस पर जुरैल ने कहा कि उन्हें इस तरह के मौसम में खेलने की आदत है।भारतीय बल्लेबाज ने कहा, ‘मुझे पारी रुककर दोबारा शुरू करने की आदत है। मेरा ध्यान साझेदारी बनाने पर था। जब आप भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं तो पेट में कुछ होता है। मैंने आज बेशक शतक जमाया, लेकिन कल फिर शून्य से पारी शुरू करनी होगी।’श्रीलंका को बैकफुट पर धकेलाभारतीय पारी घोषित होने के बाद श्रीलंकाई टीम बैकफुट पर चली गई। दिन का खेल समाप्त होने तक मेजबान टीम ने 3 ओवर में दो विकेट गंवाकर 8 रन बना लिए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने श्रीलंकाई ओपनर लाहिरू उदारा (1) को अपना शिकार बनाया जबकि मानव सुथार ने प्रभात जयसूर्या (2) को पवेलियन भेजा। श्रीलंका अभी भारत के स्कोर से 495 रन पीछे है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।





