कब से शुरू होगा मुकाबलों का सिलसिला, किन टीमों के बीच टक्कर और कौन होंगे स्टार

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय घरेलू क्रिकेट के नए सीजन का आगाज दलीप ट्रॉफी 2026 से होने जा रहा है। छह जोन की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की शुरुआत 23 अगस्त से होगी। पहले दिन दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। ईस्ट जोन का सामना नॉर्थ ईस्ट जोन से होगा, जबकि नॉर्थ जोन की भिड़ंत वेस्ट जोन से होगी। दोनों मुकाबले बंगलूरू स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में खेले जाएंगे।

पिछले संस्करण की चैंपियन सेंट्रल जोन और उपविजेता साउथ जोन को सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिला है। क्वार्टर फाइनल के विजेता सेमीफाइनल में इन दोनों टीमों से भिड़ेंगे। टूर्नामेंट का फाइनल छह से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। खास बात यह है कि फाइनल के दौरान दर्शक स्टेडियम में पहुंचकर मुकाबला देख सकेंगे।ईस्ट जोन की टीम में कप्तान ईशान किशन के अलावा मोहम्मद शमी, अभिमन्यु ईश्वरन, कुमार कुशाग्र, शाहबाज अहमद और मुकेश कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में टीम को नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मोहम्मद शमी के प्रदर्शन पर भी नजर रहेगी। लंबे प्रारूप में उनका अनुभव ईस्ट जोन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।इस साल दलीप ट्रॉफी में छह जोन की कमान अलग-अलग खिलाड़ियों के हाथों में है। नॉर्थ जोन के कप्तान कनहैया वाधवान, ईस्ट जोन के ईशान किशन, वेस्ट जोन के ऋतुराज गायकवाड़, साउथ जोन के तिलक वर्मा, सेंट्रल जोन के रजत पाटीदार और नॉर्थ ईस्ट जोन के रोंगसेन जोनाथन होंगे।

टूर्नामेंट के शुरुआती चार मुकाबले बंगलूरू के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के दो मैदानों पर खेले जाएंगे। क्वार्टर फाइनल 23 से 26 अगस्त तक होंगे। इसके बाद 30 अगस्त से दो सितंबर तक सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल छह से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा। क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल चार दिवसीय होंगे, जबकि फाइनल पांच दिवसीय होगा। सभी मुकाबले स्थानीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होंगे।दलीप ट्रॉफी का मौजूदा प्रारूप भले ही पहले की तरह सीधे राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया का केंद्र न रहा हो, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ए सीरीज से पहले यह युवा और उभरते खिलाड़ियों के लिए अपनी लाल गेंद की क्षमता साबित करने का महत्वपूर्ण मंच जरूर बन गया है। खासकर वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट टी20 की चमक से आगे बढ़कर टेस्ट क्रिकेट की कसौटी पर खुद को परखने का मौका है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *