पीएम मोदी कर सकते हैं बदरीनाथ में आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन

चमोली : बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को जल्द अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की सौगात मिलेगी। मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहे चार मंजिला अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज से लेकर ऑपरेशन तक की सुविधाएं उपलब्ध होंगीबदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बनाए जा रहे 45 बेड के आधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चार मंजिला अस्पताल भवन का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल को सब जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में मशीनों की स्थापना का कार्य भी तेजी से चल रहा है।जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कार्यदायी संस्था को आगामी 31 अगस्त तक अस्पताल भवन का निर्माण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

अस्पताल भवन में मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है। आधुनिक चिकित्सा उपकरण अस्पताल में पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का काम जारी है।बताया जा रहा है कि अक्तूबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम पहुंचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। संभावित दौरे को देखते हुए शासन-प्रशासन से लेकर पीएमओ स्तर तक तैयारियां की जा रही हैं और इसी दौरान अस्पताल का उद्घाटन किए जाने की संभावना है। हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के बदरीनाथ दौरे को लेकर अभी तक आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।

इधर, सीएमओ डाॅ. राजीव पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी अक्तूबर माह में बदरीनाथ धाम के संभावित दौरे को लेकर अस्पताल भवन का निर्माण व आधुनिक मशीनों को स्थापित करने का काम किया जा रहा है। जल्द ही अस्पताल का संचालन शुरू हो जाएगा।बदरीनाथ धाम में चारधाम यात्रा के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्र होने के कारण यहां कई यात्रियों को सांस लेने में परेशानी, ऑक्सीजन की कमी समेत अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गंभीर स्थिति में मरीजों को बेहतर उपचार के लिए निचले क्षेत्रों में रेफर करना पड़ता था। आधुनिक अस्पताल शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं को बदरीनाथ धाम में ही बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। 

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *