ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर के पति ने पत्नी-बहन के बाद खुद को गोली मारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत 37 वर्षीय दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना गोमतीनगर के विवेकखंड स्थित बैंक के बाहर हुई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक दिव्या को उनके पति मानस वाजपेयी ने फोन कर बैंक के बाहर बुलाया था. कुछ देर बातचीत के बाद आरोपी ने उन पर गोली चला दी. गंभीर रूप से घायल दिव्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. वारदात के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली. बताया जा रहा है कि दिव्या और उसके पति मानस के बीच तलाक का केस चल रहा था. 

फोन कर बैंक के बाहर बुलाया

जानकारी के अनुसार दिव्या मिश्रा आलमबाग के स्नेहनगर क्षेत्र की रहने वाली थीं और गोमतीनगर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के रूप में कार्यरत थीं. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे उनके पति मानस वाजपेयी ने उन्हें फोन किया और बैंक के बाहर मिलने के लिए बुलाया. दिव्या जैसे ही बैंक परिसर के बाहर पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद मानस ने उनसे कुछ देर तक बातचीत की.

बातचीत के बाद चला दी गोली

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बातचीत के दौरान ही विवाद बढ़ गया और आरोपी ने दिव्या पर गोली चला दी. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत अस्पताल भिजवाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

वारदात के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली

पुलिस के अनुसार पत्नी पर गोली चलाने के बाद आरोपी पति मानस वाजपेयी ने भी खुद को गोली मार ली. उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और चिकित्सकों से लगातार संपर्क में है.

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *