चंबा, एजेंसी। हिमाचल प्रदेश के चंबा में इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सनकी पिता ने अपने ही 6 साल के मासूम बेटे को उफनती रावी नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और बच्चे की तलाश की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश के चंबा में एक पिता द्वारा अपने 6 साल के बेटे को रावी नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही ASP चंबा दिनेश शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई। पुलिस और स्थानीय लोग नदी के किनारे-किनारे बच्चे की तलाश कर रहे हैं। एसपी चंबा विजय सकलानी ने बताया कि बच्चे की तलाश जारी है और पुलिस घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटाकर मामले की जांच कर रही है।
घटना चंबा-पठानकोट मार्ग पर स्थित परेल पुल की है। पत्नी से फोन पर हुई नोकझोंक के बाद सोमवार रात एक व्यक्ति ने अपने 6 वर्षीय बेटे को रावी नदी में फेंक दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह खुद ही पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर इसकी सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लापता बच्चे की तलाश में पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें रावी नदी में सर्च अभियान चला रही हैं।
एक महीने से मायके में रह रही पत्नी
पुलिस के अनुसार 30 वर्षीय हितेश कुमार पुत्र जयपाल निवासी गांव डभूंई, डाकघर कियाणी सोमवार रात करीब 8 बजे अपनी पत्नी से फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हुई। हितेश की पत्नी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके अमृतसर में साढ़े तीन वर्षीय छोटे बेटे के साथ रह रही है, जबकि छह वर्षीय बड़ा बेटा पिता के साथ परेल में रह रहा था।





