बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवाओं से बदला बिहार का मौसम

भागलपुर। भागलपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में अगले दो से तीन दिनों तक मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला-बदला रह सकता है। आसमान में लगातार बादलों का डेरा बना रहेगा और बीच-बीच में हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसमीय तंत्र में बदलाव से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।भारत मौसम विज्ञान विभाग, भागलपुर केंद्र के वैज्ञानिक अनुपम नाहर ने बताया कि एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी पवनों में द्रोणी के रूप में सक्रिय है। इसका अक्ष औसत समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके साथ ही, उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण भी लगातार सक्रिय है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस मौसमीय सिस्टम के प्रभाव से आगामी 03 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्रों में एक नया निम्न दबाव (लो प्रेशर) क्षेत्र बनने की प्रबल संभावना है। इसके कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी युक्त पूर्वी हवाओं का प्रवाह जारी है, जिसका सीधा असर भागलपुर पर दिखाई देगा।मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में आर्द्रता (नमी) का स्तर 70 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। दक्षिण-पूर्वी दिशा से औसतन चार किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, जबकि महज एक मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *