बुझ गए 15 घरों के चिराग, करिअर बनाने गए छात्र आग की भेंट चढ़े

लखनऊ : लखनऊ के अलीगंज के कोचिंग सेंटर में भीषण आग लग गई। आग में 15 घरों के चिराग बुझ गए। आग लगने की घटना शॉर्ट सर्किट से हुआ। कई छात्र नीचे भी कूद गए। हादसे में नौ घायल हुए हैं। हादसे के बाद सीएम योगी भी घटनास्थल पर पहुंचे। रक्षामंत्री भी घटनास्थल पहुंचे। जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है। सात दिन में रिपोर्ट मांगी है। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित तीन मंजिला इमारत में आग लगने से कोचिंग और एनीमेशन कोर्स करने वाले 15 छात्र-छात्राओं की जलकर मौत हो गई। कुछ गंभीर रूप से झुलस गए। जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र घायल हो गए। गंभीर रूप से झुलसे और घायल नौ छात्र-छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते हो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ का दौरा छोड़कर वापस आए और घटनास्थल का मुआयना किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी दिल्ली से लखनऊ पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। शॉर्ट सर्किट और एसी का कंप्रेसर फटने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।अलीगंज के सेक्टर-डी स्थित बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर पेट शॉप है। पहली मंजिल पर पेट शॉप मालिक का वेयरहाउस है। दूसरी मंजिल पर थ्री-डी एनीमेशन ट्रेनिंग सेंटर और गेमिंग जोन के साथ 12वीं तक के विद्यार्थियों की कोचिंग चलती थी। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब ढाई बजे वेयरहाउस में अचानक आग लग गई। चंद मिनटों में आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। बिल्डिंग में मौजूद कई लोग विकराल हुई आग के बीच घिर गए।

दूसरी व तीसरी मंजिल पर मौजूद छात्र भीतर ही फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम के साथ एसडीआरएफ ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। करीब दो घंटे चले रेस्क्यू के दौरान 15 शव बाहर निकाले गए। झुलसे छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कई की हालत गंभीर है। हादसे के वक्त मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री सभा छोड़ तुरंत वापस आए। उनके निर्देश पर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, डीजीपी राजीव कृष्ण, डीजी फायर सुजीत पांडेय, पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सेंगर समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर रात तक राहत-बचाव कार्य जारी था।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *