सल्ट में ऑडियो वायरल से बढ़ा विवाद, करन जीना धमकी प्रकरण में नया मोड़

 अल्मोड़ा। सल्ट विधायक महेश जीना के पुत्र करन जीना को कथित रूप से धमकी दिए जाने के मामले में नया मोड़ सामने आया है। बीते दो दिनों से सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें करन जीना और उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के अल्मोड़ा जिला प्रवक्ता भुवी जोशी के बीच तीखी बातचीत सुनाई दे रही है।वायरल ऑडियो में दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और कथित रूप से उठाकर ले जाने जैसी धमकी की बातें भी सामने आ रही हैं। हालांकि इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।बताया जा रहा है कि यह विवाद यूकेडी की सल्ट ब्लॉक अध्यक्ष नीलम को भाजपा में शामिल कराने के कथित प्रयासों को लेकर उत्पन्न हुआ। इस संबंध में करन जीना की शिकायत पर राजस्व पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए मामला सल्ट पुलिस को सौंप दिया है। वहीं भुवी जोशी का कहना है कि नीलम पर दबाव बनाए जाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी। उन्होंने स्वीकार किया कि बातचीत के दौरान अपशब्दों का प्रयोग हुआ, जिसके लिए वे माफी भी मांग चुके हैं। उनका आरोप है कि घटना के करीब 10 दिन बाद एफआईआर दर्ज कराई गई और ऑडियो को वायरल किया गया। भुवी जोशी ने बताया कि अब वह भी मामले में क्रॉस एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं, जिससे विवाद और बढ़ने की संभावना है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *