नई दिल्ली, एजेंसी।अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को कहा कि इस साल की हज यात्रा इतिहास की अब तक की सबसे सफल हज यात्रा साबित हुई। तीर्थयात्रियों की बड़ी संख्या ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सरकार का आभार व्यक्त किया है।रिजिजू ने हज 2027 की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की और एलान किया कि सरकार जल्द ही नई हज पॉलिसी पेश करने जा रही है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘इस साल का हज भारत के इतिहास में सबसे अच्छा रहा। हजारों तीर्थयात्रियों ने पत्र लिखकर सरकार का धन्यवाद किया है। शानदार प्रबंधन के कारण भारत को दो पुरस्कार भी मिले हैं।’मंत्री ने बताया कि करीब 1.75 लाख तीर्थयात्रियों से प्राप्त प्रतिक्रियाएं पूरी तरह सकारात्मक रहीं। हर काम समय पर पूरा किया गया। इस बार पहली बार ‘शॉर्ट ड्यूरेशन हज’ की शुरुआत की गई, जिसमें 10,000 स्लॉट का विशेष कोटा रखा गया।पारंपरिक हज में 40-45 दिन लगते हैं, लेकिन कामकाजी पेशेवरों और बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसकी अवधि घटाकर 15-20 दिन कर दी गई। कई तीर्थयात्रियों ने व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर प्रबंधनों की तारीफ की।AI एप्लिकेशन से होगी पूरी प्रक्रियारिजिजू ने आगे कहा कि हज प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। हमारे मंत्रालय ने एक बड़ा बदलाव किया है। हम AI एप्लिकेशन ला रहे हैं।आवेदन स्वीकार करने से लेकर तीर्थयात्रा के अंतिम समापन तक पूरी प्रक्रिया में AI का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और तीर्थयात्रियों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।’





