अमरावती। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले में बापटला और अप्पीकटला रेलवे स्टेशनों के बीच शनिवार-रविवार की दरमियानी रात Circar Express में एक शातिर गिरोह ने लूटपाट की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना आधी रात के समय हुई जब आरोपियों ने ट्रेन के S3 और S6 कोच में यात्रा कर रहे यात्रियों को निशाना बनाया।चोरों ने यात्रियों के बैग चुरा लिए और चोरी का सामान लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान चोरों ने एक महिला की सोने की चेन छीनने की कोशिश की, जिसके बाद महिला यात्री ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस शोर के बाद ट्रेन में मौजूद सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) के जवान तुरंत एक्शन में आ गए।पुलिस ने की फायरिंगचोरी की कोशिश की सूचना मिलने पर GRP ने संदिग्धों को पकड़ने के लिए तेजी से कार्रवाई की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला कर दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने और चोरों को रोकने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई संदिग्धों को तितर-बितर करने और उन्हें पकड़ने में मदद करने के लिए की गई थी। हालांकि, आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।दो बैग जब्तजांच के दौरान, पुलिस ने दो बैग बरामद किए जिनके बारे में माना जा रहा है कि वे घटना के दौरान चोरी हुए थे। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।





