फरीदाबाद: आंधी-बारिश के बीच ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के फ्लाईओवर पर गिरी क्रेन

फरीदाबाद। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए बनाए जा रहे ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के पन्हेड़ा खुर्द के पास फ्लाईओवर निर्माण के दौरान तेज आंधी और वर्षा के कारण गुरुवार शाम सैकड़ों टन वजनी गैंट्री क्रेन पोर्टा केबिन पर पलट गई।केबिन में चार श्रमिक मौजूद थे, इनमें से तीन की मौत हो गई। एक श्रमिक सुरक्षित बच गया। मृतकों व घायलों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्षा और आंधी से बचने के लिए श्रमिक पोर्टा केबिन में घुस गए थे। केबिन श्रमिकों के ठहरने के लिए निर्माण स्थल पर रखा गया था।पोर्टा केबिन पूरी तरह क्रेन के नीचे दब गया और उसमें मौजूद श्रमिक अंदर ही फंस गए। पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर बचाव कार्य में जुट गया, कई एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड पहुंचीं। क्रेन में अधिक वजन होने के कारण उसे दूसरी क्रेनों से उठाने के प्रयास विफल हो गए इसलिए कटर से पोर्टा केबिन को काटकर श्रमिकों को बाहर निकालने की नीति अपनाई गई।करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पोर्टा केबिन काटकर श्रमिकों को बाहर निकालने का रास्ता बनाया जा सका। एक-एक कर श्रमिकों को बाहर निकाला गया।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फ्लाईओवर के गार्डर उठाने के लिए गैंट्री क्रेन लगाई गई थी, उसे आगे पीछे करने के लिए पटरी बिछाई गई थी।तेज आंधी व वर्षा के कारण मौके पर कीचड़ और फिसलन हो गई। तेज हवा से क्रेन करीब 200 मीटर तक पटरी पर फिसली और पोर्टा केबिन पर पलट गई।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *