राहुल गांधी आज अल्मोड़ा में भरेंगे हुंकार, सिमकनी मैदान में जनसभा की सभी तैयारियां पूरी

अल्मोड़ा: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। उनकी रैली को लेकर पूरे कुमाऊं क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।जनसभा को लेकर अल्मोड़ा में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना जताई जा रही है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर समेत पूरे कुमाऊं भर से कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने पिछले कई दिनों से विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों से जनसभा में शामिल होने की अपील की है। बुधवार से ही अल्मोड़ा में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पहुंचने लगे।राहुल गांधी की रैली को सफल बनाने के लिए नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कांग्रेस के दिग्गज नेता कई दिनों से अल्मोड़ा में डेरा डाले हुए हैं। वहीं दो दिनों से कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा अल्मोड़ा में तैयारियों को जायजा ले रही हैं।जनसभा के लिए सिमकनी मैदान में विशाल मंच तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थल पर लगभग पांच हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। मैदान और आसपास का क्षेत्र राहुल गांधी के स्वागत में लगाए गए पोस्टर और बैनरों से सजा हुआ है। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि जनसभा में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी होगी और यह कुमाऊं की महत्वपूर्ण राजनीतिक सभाओं में से एक साबित होगी। यह आगामी विधानसभा के चुनावों के शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *