फिरोजपुर। छावनी स्थित मशहूर रेस्टोरेंट नैवेद्यम में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। रेस्टोरेंट से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे । जानकारी के अनुसार सुबह जब रेस्टोरेंट को खोला जा रहा था तो अंदर से धुआं कलता दिखाई दिया। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। देखते ही देखते दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाल लिया और आग को फैलने से रोकने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग रेस्टोरेंट के अंदरूनी हिस्से में लगी थी, जिससे फर्नीचर व अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि समय रहते कार्रवाई होने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच के बाद ही नुकसान और आग के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।





