कौशांबी में आंधी-बारिश का तांडव, मकान ढहने से मां-बच्चों समेत चार की मौत

कौशांबी। सदर तहसील क्षेत्र के दूनी का पुरवा मजरा पूरब शरीरा में गुरुवार देर रात आंधी और बरसात में कच्चा मकान भर-भराकर ढह गया। इस दुखद हादसे में घर के अंदर बच्चों संग सो रही ईंट-भट्ठा मजदूर मंगर सरोज की 26 वर्षीय पत्नी माया देवी, चार वर्षीय बेटी श्वेता व तीन वर्षीय बेटे अनुभव की मलबे में दबकर मौत हो गई। जबकि मंगर का छह वर्षीय पुत्र अंकुश को भी गंभीर चोट आई है।इलाज के लिए उसे स्थानीय लोगों ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।वहीं, सिराथू तहसील क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में टीन शेड की चपेट में आने से 50 वर्षीय चंद्रभवन पुत्र शुकरु की मौत हो गई। शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।दूनी का पुरवा मजरा पूरब शरीरा में जिस समय घटना हुई। उस समय मंगर ईंट भट्ठे पर था। उसकी पत्नी बेटे व बेटी की मौत घर के सामने लगे नीम का पेड़ गिरने की वजह से हुई। घटना से बस्ती में मातम छाया है। पुलिस-प्रशासन के अफसर मौके पर मौजूद हैं।वहीं, अन्य जगहों पर हुई घटनाओं में कहीं मवेशी की मौत हो गई है तो कहीं लोग पेड़ों की डाल, छप्पर आदि की चपेट में आने से लोग घायल हुए हैं। जिलाधिकारी डा. अमित पाल शर्मा का कहना है कि नुकसान के आकलन के लिए राजस्व कर्मियों की टीमें मौके पर हैं। मुआवजे की कार्रवाई की जा रही है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *