चमोली : गौचर खेल मैदान में खड़ी एक महिला को बस ने कुचल दिया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस महिला को प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले गई। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।चारधाम यात्रा मार्ग पर गौचर ग्राउंड के पास बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक अनियंत्रित बस ने तीर्थयात्री महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के पचोखरा निवासी राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत शर्मा बीते 15 मई को परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं।ऋषिकेश से वह बस से बदरीनाथ की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गौचर ग्राउंड के पास विपरीत दिशा से आ रही बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए महिला को अग्रिम दाहिने टायर से कुचल दिया। चौकी इंचार्ज मानवेंद्र गुसाईं ने बताया कि लहूलुहान महिला को तुरंत प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।





