पिथौरागढ़ में एनएचपीसी पावर हाउस पर पहाड़ी दरकी, टनल का मुहाना बंद, फंसे 19 कर्मचारियों को निकाला

धारचूला/पिथौरागढ़. उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी टूटने से धारचूला के ऐलागाड़ स्थित एनएचपीसी पावर हाउस की भूमिगत टनल का मुहाना बंद हो गया। टनल के मुहाने पर भारी मात्रा में मलबा और पत्थर जमा हो जाने से टनल के भीतर कार्यरत 19 कार्मिक फंस गए। गनीमत रही कि सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। 

जिलाधिकारी पिथौरागढ़ विनोद गोस्वामी ने बताया कि प्रशासन, एसडीआरएफ और बीआरओ की संयुक्त टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सुरंग में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भूस्खलन की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम को ऐलागाड़ की है। यहां पहाड़ी दरक गई थी। इससे भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर एनएचपीसी की टनल के मुहाने पर जमा हो गए। इससे टनल में काम कर रहे 19 कार्मिक फंस गए। कार्मिकों के फंसे होने की सूचना मिलते ही युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि सुरंग के मुहाने से मलबा हटाया जा चुका है। जिला प्रशासन, बीआरओ, एनएचपीसी, एनडीआरएफ, सीआईएसएफ सहित अन्य बचाव दल स्थिति से निपटने के लिए प्रयास में लगे रहे।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *