जवान ने डेढ़ साल के बच्चे संग गंगा में लगाई छलांग; 4 दिन पहले पत्नी भी कूदी थी

बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक दर्दनाक घटना हुई है. बीएसएफ जवान ने अपने डेढ़ साल के बेटे के साथ गंगा नदी में शनिवार की शाम छलांग लगा दी. 4 दिन पहले यानी 19 अगस्त को बीएसएफ जवान की पत्नी भी नदी में कूद गई थी. उसकी अभी तक बॉडी नहीं मिली है.

बिजनौर जनपद के नजीबाबाद के वेदविहार कॉलोनी के रहने वाले 31 वर्षीय बीएसएफ जवान राहुल की पत्नी ने 19 अगस्त को गंगा नदी में छलांग लगा दी थी, जिसकी तलाश अभी तक चल रही है. पत्नी के वियोग में राहुल ने शनिवार को डेढ़ साल के बेटे को गोद में लेकर बैराज पुल से गंगा में छलांग लगा दी.

पुलिस टीम पीएसी के गोताखोरों के साथ मिलकर राहुल, उसके बेटे और पत्नी की खोजबीन में जुटी है. बीएसएफ जवान राहुल नजीबाबाद से किराए की गाड़ी करके बिजनौर अस्पताल आया था. अस्पताल से दवाई लेने के बाद राहुल बिजनौर बैराज पहुंचा.

बैराज पर कार को जाने से वहां तैनात पुलिस के जवानों ने रोक दिया था. इस पर बीएसएफ जवान गाड़ी को वहीं छोड़कर बेटे के साथ बैराज पर चला गया. कुछ देर टहलने के बाद राहुल अपने बेटे को गोद में लिए हुए गंगा नदी में कूद गया. यह देख वहां तैनात पुलिस के जवानों ने गोताखोरों को बुलाया और दोनों की तलाश शुरू कराई.

घटना को लेकर बिजनौर कोतवाल धर्मेंद्र सोलंकी ने बताया कि पीएसी की टीम और पुलिस के गोताखोरों की मदद से गंगा में दोनों की तलाश की जा रही है. लेकिन, 2 घंटे से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी अभी तक इनका कुछ भी पता नहीं चल पाया है.

बीएसएफ जवान ने की थी लव मैरिज: बीएसएफ जवान राहुल ने पांच साल पहले लव मैरिज की थी. शादी के बाद शुरुआत में तो दोनों का जीवन सामान्य चला लेकिन, कुछ समय पहले से पति-पत्नी के बीच मनमुटाव शुरू हो गया था. माना जा रहा है कि इसी कलह के चलते दोनों ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया.

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *