देहरादून। 39वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय पदक तालिका में टॉप-पांच में स्थान बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। इसके लिए खेल विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। कार्ययोजना को मंजूरी के लिए शासन को भेज दिया गया है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय खेलों से पहले खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिता पूर्व तैयारियों और खेल सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगाई थी। खिलाड़ियों ने खासकर मुक्केबाजी, ताइक्वांडो और एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन कर 102 पदक जीते। खिलाड़ियों के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन से उत्साहित खेल विभाग ने अब आगामी राष्ट्रीय खेलों में प्रदर्शन को और बेहतर करने का लक्ष्य तय किया है।





