गाजीपुर। यूपी के गाजीपुर में खेत की चाहत में अंधे बने बेटे ने पिता, मां और बहन की किस बेरहमी से हत्या की, उसकी गवाही मृतकों के शरीर हुए कुल्हाड़ी के वार के निशान बता रहे थे। हत्या के आरोपी ने पिता शिवराम पर नौ, बहन पर सात और मां पर तीन वार कर मौत के घाट उतारा था। तीनों मृतकों की गर्दन पर गहरी चोट तो सिर, पीठ और बांह पर जख्म के निशान थे। करीब पौने तीन घंटे में पहले पिता, पुत्री और अंत में मां के शव का पोस्टमार्टम हुआ।
गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के डिलियां गांव की यादव बस्ती में रविवार को दोपहर करीब 12:30 बजे अभय यादव उर्फ भुट्टन (32) ने पिता शिवराम यादव (70), मां जमुनी देवी (65) और विवाहित बहन कुसुम (35) को दौड़ा-दौड़ाकर कुल्हाड़ी से काट डाला।
डिलियां गांव में महज 12 बिस्वा खेत के लिए कुल्हाड़ी से वार कर अभय यादव उर्फ भुट्टन ने कुल्हाड़ी से वारकर पिता शिवराम यादव, मां जमुनी देवी और बहन कुसुम यादव की हत्या कर दी थी। घटनास्थल पर पसरे खून और आसपास की स्थिति संघर्ष की पूरी कहानी बयां कर रही थी।
शाम तीन बजे से तीनों शवों का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के मुताबिक, सबसे पहले शिवराम यादव का पोस्टमार्टम हुआ। शिवराम यादव के शरीर के नौ जगहों पर जख्म थे। सिर, पीठ और गर्दन पर गहरे चोट के निशान थे। इसके बाद कुसुम यादव का पोस्टमार्टम हुआ। मृतका के शरीर पर सात जगह जख्म थे। उसकी गर्दन पर भी चोट के गहरे निशान थे। अंत में जमुनी देवी का पोस्टमार्टम हुआ। उनके शरीर पर तीन निशान थे।





