स्मृति मंधाना ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड, मिताली राज का कीर्तिमान किया ध्वस्त

नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। बाएं हाथ की इस धाकड़ सलामी बल्लेबाज ने महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने भारतीय दिग्गज मिताली राज के लंबे समय से कायम रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए इतिहास रच दिया।ACC वूमेन्स एशिया कप 2026 के 7वें मैच में हांगकांग के खिलाफ मुकाबले में उतरने से पहले स्मृति मंधाना को मिताली राज का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 113 रनों की जरूरत थी। मिताली के नाम महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में 10868 रन दर्ज थे। स्मृति ने इस चुनौती को बेहद आक्रामक अंदाज में पूरा किया। उन्होंने महज 60 गेंदों में 113 रन बनाकर मिताली राज को पीछे छोड़ दिया और महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं।उन्होंने 64 गेंदों में 124 रनों की पारी खेली, जिसमें उनके बल्ले से 14 चौके और 7 छक्के निकले। यह उपलब्धि स्मृति के शानदार और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन का एक और बड़ा प्रमाण है। भारतीय टीम की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल मंधाना ने तीनों प्रारूपों में टीम के लिए कई यादगार पारियां खेली हैं और अब उनके नाम महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया है।हांगकांग के खिलाफ शतक जड़ने के साथ ही स्मृति मंधाना भारत की पहली महिला बल्लेबाज बन गई हैं, जिन्होंने T20 क्रिकेट में 1 से ज्यादा शतक जड़ने का कारनामा किया है। महिला T20I क्रिकेट में अब तक सिर्फ स्मृति मंधाना और कप्तान हरमनप्रीत कौर ही शतक जड़ने का कारनामा कर सकी हैं।मंधाना के इस शतकीय पारी की बदौलत भारतीय टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 193 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। मंधाना 124 रन बनाकर रन आउट हो गईं। वहीं, शैफाली वर्मा ने 28 रनों का योगदान दिया। हांगकांग की ओर से मरीना लैम्पलो ने सबसे ज्यादा 2 विकेट अपने नाम किए। रुचिता वेंकटेश और जॉयलीन कौर को 1-1 सफलता मिली।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *