कीव। यूक्रेन के सूमी क्षेत्र में भारतीय समूह कुसुम ग्रुप द्वारा संचालित एक दवा निर्माण संयंत्र रूसी ड्रोन हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए हैं। हमले में कुसुम ग्रुप के स्वामित्व वाले संयंत्र की मुख्य इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और उसका बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया।घटनास्थल के सामने आए दृश्यों में ड्रोन हमले के बाद फैक्टरी से धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि बचाव और नुकसान के आकलन का काम जारी है। ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या में बदलाव हो सकता है। कुसुम ग्रुप ने 1994 में यूक्रेन में भारतीय दवाओं के वितरक के तौर पर काम शुरू किया था। फिलहाल कंपनी भारतीय नागरिक राजीव गुप्ता के नेतृत्व में संचालित होती है। कंपनी खुद को भारतीय जड़ों वाली यूक्रेनी कंपनी बताती है। कंपनी ने 2002 में दूसरी कंपनियों की दवाओं के वितरण से आगे बढ़ते हुए अपने ब्रांड विकसित करना शुरू किया। इसके बाद उसने दवा निर्माण के क्षेत्र में कदम रखा।





