मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के अब्दुल नगर गांव में रात के अंधेरे में प्रेमिका से चोरी छिपे मिलने उसके घर पहुंचे प्रेमी को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया और दोनों की शादी करा दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, युवक-युवती की शादी हो चुकी थी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।जानकारी के अनुसार, युवक और युवती के बीच पिछले करीब छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों फोन पर लगातार बातचीत करते थे और एक-दूसरे के संपर्क में थे।
युवती के अनुसार, युवक पहले भी कई बार उससे मिलने उसके घर आ चुका था। लेकिन इस बार जैसे ही युवक रात में प्रेमिका के घर पहुचा कि इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई और लोगों ने उसे पकड़ लिया। ग्रामीणों और लड़की पक्ष के लोगों ने दोनों की शादी कराने का फैसला किया। देखते ही देखते घर मे महिलाओं ने शादी के पारंपरिक गीत गाने शुरू कर दिए और विवाह की रस्में निभाई जाने लगीं।ग्रामीणों की मौजूदगी में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा और दोनो की शादी सम्पन्न करा दी गई। शादी का वीडियो वायरल हो रहा है।घटना की जानकारी मिलने के बाद युवक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम समेत पुलिस मौके पर पहुंची।





