नई दिल्ली, एजेंसी। विजयादशमी पर मंगलवार को राजधानी में रावण दहन के साथ ही जय श्रीराम का जयघोष गूंज उठा। शाम ढलते ही दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले धू-धू कर जल उठे। आतिशबाजी, जयकारों और उत्सवी माहौल के बीच लाखों लोगों ने बुराई के अंत का प्रतीक रावण दहन देखा। राजधानी में करीब एक हजार स्थानों पर दशहरा समारोह आयोजित किए गए। कई रामलीला कमेटियों ने पारंपरिक पुतला दहन के साथ सामाजिक बुराइयों के प्रतीक भी जलाए। प्रमुख आयोजनों में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत व कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।





