जिनेवा । पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती के तट पर बड़ा हादसा हुआ है। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने बताया कि जिबूती के तट के पास 305 लोगों को ले जा रही एक नाव पलट गई। इससे कम से कम 109 प्रवासियों की मौत हो गई। इनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। आईओएम के मुताबिक, यह नाव जिबूती से यमन जा रही थी। उसी समय गुरुवार रात या शुक्रवार सुबह वह पलट गई। हादसे में 52 पुरुष, 42 महिलाएं और 15 बच्चों की मौत हो गई। हादसे में 80 से ज्यादा लोग बच गए, जबकि कम से कम 116 लोग अभी भी लापता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है।आईओएम ने अपने बयान में कहा कि ‘हॉर्न ऑफ अफ्रीका’ से हजारों प्रवासी सुरक्षा और आर्थिक मौकों की तलाश में जिबूती होते हुए और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) को पार करके खाड़ी देशों की ओर जाते हैं। यमन में हिंसा के बावजूद यह आवाजाही जारी है।





