देहरादून। आईएसबीटी स्थित आजाद कॉलोनी से तीन माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 22 वर्षीय युवक मोहम्मद सारिक का कंकाल किमाड़ी से आगे जंगल में मिला है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर युवक की पहचान की है। उन्होंने सारिक के साथ रहने वाले दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार आजाद कॉलोनी निवासी मोहम्मद सारिक 17 जुलाई की रात घर से लापता हो गया था। वह निजी विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा। 18 जुलाई को स्वजन ने पटेलनगर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन लंबे समय तक उसका पता नहीं चल पाया। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी को अपहरण में तरमीम कर दिया था। तीन माह से अधिक समय बीतने के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे रहे।





