लास एंजिलिस। अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने शुक्रवार तड़के मैक्सिको के बाजा कैलिफोर्निया तट के पास प्रशांत महासागर में तैरते हुए 16 लोगों को बचाया। कई अन्य लोगों की तलाश जारी है।अधिकारी क्रिस सैपी ने बताया कि एन्सेनाडा से लगभग 140 मील पश्चिम में पानी में कई लोगों को तैरते हुए देखा गया। यह स्पष्ट नहीं है कि ये लोग पानी में कैसे आए और वहां कोई नाव या जहाज भी नहीं मिला।उन्होंने बताया कि बचाए गए एक व्यक्ति ने जानकारी दी कि एक नाव पर कुल 27 लोग सवार थे। उन्होंने कहा कि इस बारे में कोई और जानकारी नहीं है कि ये लोग वहां क्या कर रहे थे। बचाए गए लोगों को सैन डिएगो के अस्पतालों में ले जाया गया।





