देहरादून। उत्तराखंड के पहाड़ी जिले उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग में बारिश और बर्फबारी की संभावना के साथ यलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी इलाकों में तापमान में 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी के आसार हैं। उत्तराखंड में भारी वर्षा और ओलावृष्टि के अलर्ट के बीच मैदानी क्षेत्रों में मौसम खुल गया और ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिली।
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में पारे में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की गई। हालांकि, अभी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडरा रहे हैं और वर्षा के आसार बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज से मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रह सकता है और पारे में बढ़ोतरी के साथ गर्मी परीक्षा ले सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।





