पहाड़ से मैदान तक बदला मौसम, दून में बारिश ने बढ़ाई ठंडक

देहरादून : उत्तराखंड में दोपहर बाद पहाड़ से मैदान तक मौसम ने करवट बदली। राजधानी देहरादून में बारिश ने ठंडक बढ़ाई तो वहीं औली में बर्फबारी देख पर्यटकों के चेहरे खिल गए।बता दें कि आज पर्वतीय इलाकों में बिजली चमकने के साथ तेज तूफान चलने की चेतावनी है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार पर्वतीय इलाकों में बिजली चमकने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी का भी अनुमान है।हालांकि मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा। आने वाले दिनों की बात करें तो 10 अप्रैल तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज बदला रहने की संभावना है। जिसके चलते मैदानी इलाकों में गर्मी से राहत मिलेगी। उधर रविवार को भी पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी होने से मैदानी इलाकों का तापमान सामान्य के आसपास रहा।

22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पहले तैयारियां जारी हैं, लेकिन लगातार हो रही बर्फबारी का असर व्यवस्थाओं पर पड़ रहा है। पिछले दो दिनों से केदारनाथ क्षेत्र में लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ है। धाम में 60 सदस्यीय मजदूरों की टीम बर्फ हटाने के कार्य में जुटी है, वहीं, बीकेटीसी के कर्मचारी भी यात्रा से पहले व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हैं। रविवार को जिलाधिकारी का केदारनाथ दौरा प्रस्तावित था, लेकिन लगातार बर्फबारी के कारण वे नहीं पहुंच पाए। सोमवार को भी सुबह से दोपहर तक बर्फबारी जारी रही, जिससे दौरा फिर टल गया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *