वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वाशिंगटन से अलास्का के लिए रवाना हो गए हैं, जहां पर उन्हें अपने रूसी समकक्ष व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करनी है. दुनिया की दो महाशक्तियों के नेताओं की इस मुलाकात को बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक माना जा रहा है. अलास्का के एंकोरेज शहर में होने जा रही ट्रंप-पुतिन की मुलाकात यूक्रेन के भविष्य के लिहाज से निर्णायक साबित हो सकती है, जो फरवरी 2022 से रूस के साथ युद्ध में फंसा है. यूक्रेन के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से यह पुतिन की पश्चिम की पहली यात्रा होगी. वहीं ट्रंप ने रवाना होने से पहले ट्रूथ सोशल पर एक पोस्ट से इस बैठक की अहमियत को बता दिया है.
डोनाल्ड ट्रंप ने विमान में सवार होने से पहले अपनी सोशल मीडिया कंपनी ट्रूथ सोशल पर लिखा, ‘बड़ा दांव’. ट्रंप के इन दो शब्दों ने इस मुलाकात की अहमियत को बयां कर दिया है. ऐसे में इस मुलाकात को ऐतिहासिक बताया जा रहा है.
डोनाल्ड ट्रंप के साथ एयरफोर्स वन विमान से अलास्का की यात्रा के लिए रवाना हुए. ट्रंप के साथ एक बड़ा अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल भी रवाना हुआ है. दोनों शीर्ष नेताओं के बीच यह मुलाकात आज अलास्का के एल्मेंडॉर्फ-रिचर्डसन स्थित ज्वाइंट बेस पर होनी है.
पुतिन के साथ अपनी बैठक से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्वास जताया कि पुतिन अब शांति की दिशा में आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं.
डोनाल्ड ट्रंप ने रवाना होने से पहले यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका युद्ध समाप्त करने के लिए पुतिन को प्रोत्साहन के रूप में दुर्लभ खनिजों तक पहुंच प्रदान करने के लिए तैयार है, ट्रंप ने कहा, “हम देखेंगे कि हमारी बैठक में क्या होता है. हमारी बड़ी बैठक है. मुझे लगता है कि यह रूस के लिए बहुत महत्वपूर्ण होगी और यह हमारे लिए भी बहुत महत्वपूर्ण होगी और केवल हमारे लिए महत्वपूर्ण है कि हम बहुत से लोगों की जान बचाएंगे.”
उन्होंने कहा कि मैं असल में यह इसलिए कर रहा हूं, जिससे हर हफ्ते हजारों सैनिकों की जान बच सके.
अलास्का वार्ता से आगे बढ़ते हुए ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ एक अगली बैठक की योजना की रूपरेखा तैयार की है. संभावना है कि इसमें यूरोपीय नेता भी शामिल होंगे. उन्होंने इस बैठक को पहली बैठक से संभावित रूप से ज्यादा महत्वपूर्ण बताया.





