साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-एक में चार मंजिला दिशा अपार्टमेंट के तीसरी मंजिल के फ्लैट में सोमवार रात को आग लग गई। तेजी से फैली आग ने चौथी मंजिल के फ्लैट को अपने चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने का मामला सामने आया है।बताया जा रहा है कि अचानक आग लगने से कई लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने लोगों को सकुशल बाहर निकालने के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। लोगों ने दमकल कर्मियों के देर से पहुंचने का आरोप लगाया है।अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल के फ्लैट में सेवानिवृत्त शिक्षक रामनरेश पटेल परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार शाम करीब सात बजे फ्लैट में अचानक आग लग गई। धुआं और आग के कारण फ्लैट में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। हादसे की सूचना दमकल विभाग को दी गई।आरोप है कि सूचना के काफी देर तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इस कारण आग चौथी मंजिल पर रहने वाले रवि शंकर के फ्लैट तक पहुंच गई। करीब आधा घंटे बाद दमकल विभाग की टीम दो फायर टेंडर लेकर मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों और पुलिस की टीम ने आग पर बुझाने व फ्लैटों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि साहिबाबाद, वैशाली आदि फायर स्टेशन से चार फायर टेंडर को बुलाए गए। करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। 7ः29 पर आग लगने की सूचना मिली थी। 10 मिनट बाद दमकल कर्मी फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंच गए थे। छत पर 12 लोग फंसे हुए थे। दमकल कर्मियों ने उन्हें सुरक्षित निकाल लिया।





