शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई; फिर बेटी के साथ तकिये से मुंह दबाकर की हत्या

 हरिद्वार। लाहड़पुर गांव में ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में कथित आत्महत्या के पीछे हत्या की खौफनाक साजिश निकल कर सामने आई। ग्रामीण की पत्नी ही उसकी कातिल निकली।पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि अवैध संबंध पर रोक-टोक करने और विरोध करने पर पत्नी ने पहले शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई।फिर अपनी नाबालिग बेटी के साथ मिलकर तकिये से मुंह दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पर्दाफाश कर लिया।मायापुर कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि दो अप्रैल को लाहड़पुर निवासी पूजा ने कोतवाली श्यामपुर में सूचना दी कि उसके पति बबलू ने जहर खाकर मौत को गले लगा लिया है।सूचना मिलते ही तत्कालीन कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी मौके पर पहुंचे और फारेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए।पूछताछ में आसपास के ग्रामीणों ने महिला को ही पति को जहर देकर हत्या करने का अंदेशा जताया था। घटना के बाद पुलिस उसके मौत के कारण की तलाश में जुट गई थी।पूछताछ में महिला के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने तकिये से मुंह दबाकर पिता की हत्या की है। सख्ती से पूछताछ में आरोपित पत्नी ने जुर्म स्वीकारते हुए कहा कि किसी के साथ उसके अवैध संबंध है।बबलू को इसकी भनक लग चुकी थी, जिसका वह विरोध करता था। घटना की रात भी बबलू अपनी पत्नी और बेटी को इस प्रकार की हरकत नहीं करने के लिए समझा रहा था।इसके बाद महिला और उसकी नाबालिग बेटी ने पहले उसे शराब में नींद की गोली मिलाकर पिलाई और उसके सोने के बाद चारपाई में दुपट्टे से उसके हाथ पैर बांध कर तकिए से उसका गला घोंट दिया।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *