नई दिल्ली, एजेंसी। आंध्र प्रदेश के शहर तिरुपति में एक शादी कार्यक्रम के दौरान दो लोगों की हत्या हो गई। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने उन्हें जल्दी ही दबोच लिया।घटना रात साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, येरपेडू मंडल के जंगलपल्ली गांव के रहने वाले सुनील की शादी हुई थी। लेकिन वह कई साल से अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। बुधवार रात सुनील को पद्मावती कल्याण मंडपम में एक शादी में जाना था।सुनील की सास संपूर्णम्मा को इसकी जानकारी मिल गई। उसने तुरंत बेटी की शादी सुनील से करवाने वाले मुनिरत्नम और मणिकंता को इसके बारे में बताया। इसके बाद मुनिरत्नम और मणिकंता तुरंत मैरिज हॉल में पहुंचे और सुनील का रास्ता रोक लिया।उनके बीच पत्नी को छोड़ने के मुद्दे पर बहस हुई और इसी बहस में सुनील के रिश्तेदार भी शामिल हो गए। धीरे-धीरे झगड़ा बढ़ता गया और गुस्से में आरोपियों ने मुनिरत्नम और मणिकंता पर चाकू से हमला कर दिया। इसे बाद वे लोग मौके से फरार हो गए।जबतक पुलिस मौके पर पहुंचती, मुनिरत्नम की मौत हो गई और मणिकंता की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों को तिरुपति से निकलने से पहले ही पकड़ लिया और पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।तिरुपति ईस्ट सर्कल इंस्पेक्टर श्रीनिवासुलु का कहना है कि झगड़े की असली वजह की जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।





