ब्रिगेडियर जोशी की मौत पर धामी का कड़ा रुख, दो दारोगा निलंबित

देहरादून। राजधानी में जोहड़ी रोड पर गोलीबारी की चपेट में आकर सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत ने शासन-प्रशासन को झकझोर दिया है।घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीखी नाराजगी जताई। उनके आदेश पर कुठालगेट पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार और आबकारी उपनिरीक्षक सोबन सिंह को निलंबित कर दिया गया। साथ ही जिलाधिकारी सविन बंसल ने कुठालगेट स्थित जेन-जी बार का लाइसेंस निरस्त कर दिया।मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया कि राजधानी में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जाएगा।शासन स्तर पर घटना की विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है और पूरे घटनाक्रम में प्रशासनिक जिम्मेदारी तय की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सोमवार तड़के बार में शराब पीने के दौरान आदित्य चौधरी और उसके साथियों का बार संचालक संदीप कुमार तथा कर्मचारियों से विवाद हुआ।आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बार स्टाफ ने मारपीट कर उन्हें बाहर निकाला और वाहन भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी रंजिश में सुबह करीब छह बजे जब बार संचालक और कर्मचारी फार्च्यूनर से निकले तो स्कार्पियो सवार युवकों ने पीछा कर जोहड़ी रोड पर गोली चला दी।एक गोली वहां मार्निंग वाक कर रहे तुलाज ग्रीन्स अपार्टमेंट निवासी सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के सीने में लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। ब्रिगेडियर मुकेश जोशी के पुत्र बुधवार को मारीशस से देहरादून पहुंचेंगे। इसके बाद सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *