नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्ली के लोगों को लिए आने वाले दिन और भीषण होने वाले हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में 25 मई तक लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान लगातार 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की आशंका है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिल्ली को थार और बलूचिस्तान की रेगिस्तानी गर्म हवाएं झुलसा रही हैं। इस कारण तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। तपिश इतनी ज्यादा है कि मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं, दिनभर लू के थपेड़े लगे। मौसम विभाग ने अधिकारिक रूप से महीन का पहला लू वाला दिन घोषित किया। दिन के साथ-साथ रात की गर्मी ने भी लोगों को परेशान किया। आने वाले दिनों में भी इस गर्मी से राहत के संकेत नहीं है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान गर्म हवाएं चलेंगी और तापमान रिकॉर्ड तोड़ते हुए 46 डिग्री या उसके पार पहुंच सकता है।





