बदला मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पर्वतीय जिलों में बादलों का डेरा रहने के साथ वर्षा के आसार बने हुए हैं, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज धूप खिलने के बावजूद तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।इससे लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत है, लेकिन दोपहर में हल्की उमस महसूस की जा रही है। सोमवार को भी प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में बादल छाये रहने और वर्षा-ओलावृष्टि के आसार हैं।देहरादून में रविवार को आंशिक बादलों के बीच हल्की धूप खिली, जिससे दिन में उमस महसूस की गई। वहीं, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है। प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है।4500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं, मैदानी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।इसके अलावा मंगलवार के लिए उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।इन जिलों में तेज गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ भारी बारिश के तीव्र दौर आने की संभावना जताई गई है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *