पहाड़ों में बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में बारिश के आसार

देहरादून।  उत्तराखंड में झमाझम बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम सामान्य हो गया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान साफ होने से धूप खिली रही। हल्की ठंडी हवाओं के चलते भीषण गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिली है।हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल अब भी मंडरा रहे हैं। शनिवार को भी पहाड़ों पर हल्की वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन प्रदेश में बादल मंडराते रह सकते हैं और वर्षा के आसार हैं।बीते गुरुवार को देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में झमाझम वर्षा हुई। कहीं-कहीं ओलावृष्टि और अंधड़ ने भी मुश्किलें बढ़ाईं। जिससे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। खासकर पहाड़ों में न्यूनतम तापमान गिरने से सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। हालांकि, दिनभर हल्की हवा चलने से वातावरण में ठंडक बनी रही। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है।मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज देहरादून, अल्मोड़ा, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा या गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।वहीं, 4200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है।उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

Share it :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *