देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादलों का डेरा है और वर्षा-बर्फबारी के दौर भी हो रहे हैं। केदारनाथ-बदरीनाथ समेत तमाम चोटियों पर हल्के से मध्यम हिमपात के दौर हुए।निचले इलाकों में भी हल्की बौछारों से लेकर कहीं-कहीं ओलावृष्टि हुई। जिससे पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई। पहाड़ों में कड़ाके की ठंड लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेशभर में वर्षा-बर्फबारी के आसार हैं।मंगलवार को दून में सुबह से ही घने बादल छाये रहे। कहीं-कहीं दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। जबकि, देर शाम तक कई इलाकों में मध्यम हवा के साथ झमाझम बौछारें पड़ीं। जिससे अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।पहाड़ों में भी पिछले तीन दिन से रुक-रुककर वर्षा-बर्फबारी के दौर हो रहे हैं। अप्रैल में हो रही बर्फबारी से प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में ठंड लौट आई है। पहाड़ों में पांच साल बाद अप्रैल में सर्वाधिक बर्फबारी देखी गई है।वहीं, निचले इलाकों में हवा के साथ बौछारें पड़ीं, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी सूचना है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं रिमझिम वर्षा दर्ज की गई। जिससे प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई।अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में भी बौछारें पड़ने से कड़ाके की ठंड महसूस की गई।





