नई दिल्ली, एजेंसी। अलवर शहर के एनईबी थाना क्षेत्र के एनईबी चार बटा में मंगलवार सुबह पटाखे के बारूद में अचानक विस्फोट होने से पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाला 12 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी दोनों आंखें बुरी तरह झुलस गईं। चिकित्सकों के अनुसार, बच्चे की आंखें करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी हैं। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया है। हालांकि, परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मां अपने बेटे को जयपुर ले जाने और उसका इलाज कराने में असमर्थ है। ऐसे में उसने आमजन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है, ताकि समय पर उपचार मिलने से उसके बेटे की आंखों की रोशनी बचाई जा सके।जानकारी के अनुसार, बिहार के सुपौल जिले के रहने वाले संतोष यादव अलवर की प्याज मंडी में पल्लेदारी का काम करते हैं। वह अपने परिवार के साथ शहर में किराए के मकान में रहते हैं। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे उनका 12 वर्षीय बेटा दिलखुश यादव पटाखे का बारूद निकालकर उससे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक बारूद में विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि बच्चे की दोनों आंखें इसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। हादसे के बाद बच्चे की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां कविता देवी मौके पर पहुंची।





