डकार। पश्चिमी अफ्रीकी देश सेनेगल के समुद्री तट के पास प्रवासियों से भरी एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 39 हो गई है। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को समुद्र से कुछ और शव मिलने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़ा। हादसे में अब तक केवल एक यात्री को बचाया जा सका है। लापता लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है। सेनेगल के गृह मंत्रालय ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि, अधिकारियों ने यह स्पष्ट नहीं किया कि नाव में कुल कितने लोग सवार थे। हादसा रविवार को राजधानी डकार के उत्तर में स्थित केबेमेर शहर के पास हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, यह नाव सेनेगल के उत्तरी इलाके सेंट-लुइस से स्पेन के तट की ओर जा रही थी। इसी दौरान समुद्र में नाव पलट गई और उसमें सवार लोग पानी में डूबने लगे। हादसे के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। सोमवार को और शव मिलने के बाद मृतकों की संख्या 39 तक पहुंच गई।





