वाशिंगटन, अमेरिका । अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष को समाप्त करने के लिए की जा रही कूटनीतिक कोशिशों में अब तक कोई प्रगति या सफलता नहीं मिली है। उन्होंने इसके लिए तेहरान की मांगों को जिम्मेदार ठहराया और उन्हें ‘अस्वीकार्य’, ‘अपमानजनक’ और ‘बेतुका’ बताया। समाचार एजेंसी अल जजीरा के मुताबिक, रुबियो ने स्पष्ट किया कि फिलहाल दोनों देशों के बीच किसी समझौते की संभावना नजर नहीं आ रही है।फ्लोरिडा के होमस्टेड एयर रिजर्व बेस पर पेरिस रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में रुबियो ने यह टिप्पणी की। वह जी-7 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए पेरिस जा रहे थे। इस दौरान उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच पर्दे के पीछे चल रही बातचीत और मध्यस्थता के प्रयासों पर भी अपनी बात रखी। रुबियो ने स्वीकार किया कि कई तीसरे देश वाशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थता कर रहे हैं और अलग-अलग प्रस्तावों के साथ दोनों पक्षों से संपर्क बनाए हुए हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात से इनकार किया कि बातचीत किसी समझौते के करीब पहुंच गई है।





