वाशिंगटन। भारतीय मूल की प्रिया सुंदरेशन एरिजोना सीनेट की नई प्रेसिडेंट चुन ली गई हैं। 42 साल की प्रिया सुंदरेशन पिछले तीन कार्यकाल से एरिजोना सीनेट की सदस्य हैं। इससे पहले वे सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी की नेता के रूप में काम कर रही थीं। एरिजोना में 60 साल बाद ऐसा हुआ है जब डेमोक्रेटिक पार्टी ने सीनेट, हाउस और गवर्नर हाउस तीनों पर एक साथ कब्जा किया है। अपनी इस जीत के बाद उन्होंने कहा कि वे राज्य के हर एक नागरिक के लिए काम करेंगी, चाहे उन्होंने किसी को भी वोट दिया हो।एरिजोना की राजनीति में यह एक बहुत बड़ा मोड़ माना जा रहा है। छह दशकों के लंबे समय के बाद डेमोक्रेट्स के पास राज्य का पूरा नियंत्रण आया है। प्रिया सुंदरेशन ने इसे जनता का एक बड़ा फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं ने ऐतिहासिक बदलाव का रास्ता खोला है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि लोग इस बदलाव को अपनी रोजाना की जिंदगी में महसूस करें। उन्होंने यह भी कहा कि यह फैसला रिपब्लिकन पार्टी की ‘एमएजीए’ विचारधारा को जनता द्वारा खारिज करने जैसा है।





