सना। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच 14 भारतीय नागरिकों से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। सीजीटीएन मीडिया के मुताबिक यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि लाल सागर में जूकर द्वीप के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नाव को सऊदी अरब ने निशाना बनाया। उनके मुताबिक, नाव पर सवार सभी 14 भारतीयों को यमनी सशस्त्र बलों ने बचा लिया है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमलों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है।





